सरधना क्षेत्र में चार बच्चो की मां ने अपने प्रेमी संग लगाई फांसी पेड़ पर लटके मिले शव
मेरठ। सरधना थानाक्षेत्र में चार बच्चों की मां ने अपने प्रेमी के साथ पेड़ से लटक कर जान दे दी। प्रेमी युगल के शव पेड़ पर लटके मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। फिलहाल दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दरअसल, ग्रामीणों ने बपारसी के जंगल में पेड़ से युवक और महिला का शव लटका देखा। इसके बाद गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को फंदे से नीचे उतारा। पेड़ के पास ही पुलिस को मृतक की स्प्लेंडर बाइक भी खड़ी मिली, जिसके आधार पुलिस ने दोनों की पहचान की। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने मृतकों की पहचान 19 वर्षीय निशांत और उसके पड़ोस में रहने वाली 26 वर्षीय शिवानी पत्नी अमित के रूप में की। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि शिवानी की शादी नौ साल पहले अमित के साथ हुई थी। दंपति के चार बच्चे भी हैं। पिछले काफी समय से शिवानी का अमित के पड़ोस में रहने वाले अविवाहित निशांत के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। जिसकी जानकारी होने पर दोनों के घरों में काफी विवाद भी हुआ था। बताया जाता है कि शुक्रवार को निशांत और शिवानी अपने-अपने घर से निकले और बपारसी के जंगल में जाकर फांसी लगा ली। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा है।
