रेहम खान ने साधा निशाना, कहा- पूरी इमरान सरकार है पप्पू
जम्मू-कश्मीर के मुद्दे पर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान को उनके ही देश में बेइज्जत होना पड़ रहा है। इमरान खान की पूर्व पत्नी लगातार उन पर निशाना साध रही है। कश्मीर पर इमरान खान सरकार की नाकामी को लेकर रेहम खान ने एक बार फिर आलोचना की है।
रेहम खान ने एक वीडियो जारी कर कहा कि कश्मीर पर इमरान खान सरकार की जितनी आलोचना की जाए, उतनी कम है। आप कभी भैंसें बेच रहे हैं तो कभी सड़कों पर धूप में खड़े हो रहे हैं। गर्मी में पाकिस्तान की सड़कों पर खड़े होने से कश्मीर का मसला हल नहीं हो जाएंगे। लोग इस नौटंकी से थक चुके हैं। इस वीडियो में भैंस बेचने का जिक्र इसलिए है क्योंकि इमरान ने सत्ता में आते ही प्रधानमंत्री आवास की भैंसे बेचकर पैसे बचाने की कोशिश की थी।
रेहम ने कहा कि आप लोग ठीक तरह से कश्मीर का मुद्दा नहीं उठा सके। इसीलिए मैं आप लोगों को पप्पू कहती हूं। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय शाह महमूद कुरैशी उमरकोट में जा रहे हैं। उमरकोट में हिंदुओं के जबरन धर्म परिवर्तन और पाबंदियों के बारे में मेरा मुंह ना खुलवाएं।
रेहम ने आगे कहा कि मोदी ने तो रातो-रात कश्मीर आप से ले लिया और आपको पता तक नहीं चला। आप मोदी को बुरा-भला कहकर कश्मीर वापस नहीं ले सकते हैं। लोगों को बेवकूफ बनाना बंद करें। रेहम ने कश्मीरी ऑवर का मजाक भी उड़ाया। उन्होंने कहा कि आप लोग आधा घंटा सड़कों पर खड़े हो गए। कश्मीर में दिक्कत है तो आप पाक के प्रधानमंत्री आवास के बाहर खड़े हो रहे हैं।
रेहम ने कहा कि पहली बात तो मैं युद्ध के खिलाफ हूं, दूसरी बात, मैं इसके खिलाफ हूं कि नौजवान स्कूल-कॉलेज छोड़कर सड़कों पर नारेबाजी करें या एलओसी क्रॉस कर गोली खाने जाएं। बता दें कि रेहम खान पहले भी कई बार इमरान खान की उनकी कश्मीर को लेकर नीतियों की आलोचना कर चुकी है।