पाकिस्तान घूमकर आने वाले रहीसुद्दीन पुलिस की गिरफ़्त में
फर्जी पासपोर्ट से पाकिस्तान घूम आया अब पुलिस ने पकड़ा
मेरठ। फर्जी नाम से पासपोर्ट बनवाकर पाकिस्तान घूमकर आने वाले रहीसुद्दीन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपित ने दो पासपोर्ट बनवा लिए थे। एलआइयू की जांच में पर्दाफाश होने के बाद आरोपित के खिलाफ देहलीगेट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
देहलीगेट के कोठी अतानस निवासी रहीसुद्दीन पुत्र सुलेमान ने 2009 में एक पासपोर्ट के लिए आवेदन किया। दो माह बाद पता चला कि रहीसुद्दीन का आवेदन निरस्त कर दिया। तभी उसने रहीसुद्दीन शेख नाम से दूसरे पासपोर्ट के लिए आवेदन किया, जिस पर विभाग ने पासपोर्ट जारी कर दिया। उसके बाद रहीसुद्दीन का पहले से आवेदन किए प्रार्थना पत्र पर भी पासपोर्ट जारी हो गया। दो पासपोर्ट जारी कराने के बाद रहीसुद्दीन ने पाकिस्तान के पांच चक्कर लगाए। पाकिस्तान के लाहौर में रहीसुद्दीन की दो बहनें रहती हैं। तभी एलआइयू की टीम ने रहीसुद्दीन पर नजर रखी। उसके कागजात की पड़ताल की गई। जांच में आया कि उसके दो पासपोर्ट जारी किए गए है।
एलआइयू सीओ ने मामले की जानकारी एसएसपी को दी। कप्तान ने एसपी क्राइम से मामले की जांच कराई। पता चला कि एक पासपोर्ट फर्जी नाम से जारी कराया गया है। तभी एसओ देहलीगेट की तरफ से दो माह पहले रहीसुद्दीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। उसके बाद रहीसुद्दीन ने अग्रिम जमानत के लिए अर्जी डाल दी गई। अदालत ने उसकी अर्जी को नामंजूर कर दिया। सोमवार को पुलिस ने रहीसुद्दीन को उसके घर से दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया।
थाने से लेकर खुफिया विभाग तक सब कठघरे में: फर्जी नाम से पासपोर्ट जारी होने के बाद फिर पुलिस और एलआइयू घेरे में आ गए। दोनों स्तर से ही रहीसुद्दीन शेख के पासपोर्ट पर थाने और एलआइयू ने ही जांच रिपोर्ट लगाई थी। उससे साफ है कि बिना जांच के ही थाने और ऑफिस में बैठकर रिपोर्ट लगाई गई। माना जा रहा है कि पासपोर्ट में वसूली का धंधा जारी है। कप्तान का कहना है कि इस मामले में जांच कराई जाएगी।
खुफिया विभाग ने की पूछताछ: रहीसुद्दीन पांच बार पाकिस्तान जा चुका है। पुलिस और खुफिया विभाग उसे लेकर अलर्ट हो गया है। देहलीगेट थाने पर आरोपित से पूछताछ की जा रही है। हालांकि अभी तक कोई संदिग्ध मामला सामने नहीं आया है। एसपी सिटी अखिलेश नारायण सिंह ने बताया कि आरोपित अपनी बहन से मिलने पाकिस्तान जाता था। अभी खुफिया विभाग सुरागरसी में लगा हुआ है।