8400 वर्ग मीटर में बनेगा ईवीएम वीवीपैट का गोदाम
मेरठ। लोकसभा व विधानसभा चुनाव में प्रयुक्त होने वाली वीवीपैट व ईवीएम के सुरक्षित भंडारण हेतु वेयर हाउस निर्माण के लिए भूमि का निर्धारण हो गया है। कंकरखेड़ा के मार्शल पिच में वेयर हाउस के दो भवन तैयार किए जाएंगे। लोक निर्माण विभाग के निर्माण खंड भवन को कार्यदायी संस्था के तौर पर निर्माण कार्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है। एडीएम (ई) के साथ सहायक निर्वाचन अधिकारी सुमेश कुमार, लोनिवि के सहायक अभियंता गोपाल स्वरूप व अवर अभियंता संदीप शर्मा ने भूमि का निरीक्षण किया। मिट्टी का नमूना लिया, टेंडर प्रक्रिया शुरू
जिला निर्वाचन अधिकारी एडीएम (ई) रामचंद्र ने मंगलवार को लोक निर्माण विभाग के लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ भूमि का निरीक्षण किया। नवनिर्माण व वेयर हाउस की दिशा का निर्धारण किया गया। साथ ही लोनिवि अधिकारियों ने मिट्टी का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा है। इसके साथ ही टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। लोक निर्माण को जारी हुई धनराशि
कंकरखेड़ा के नंगलाताशी में मार्शल पिच पर खसरा संख्या 947 के तहत 8400 वर्ग मीटर में ईवीएम और वीवीपैट वेयर हाउस का अलग-अलग निर्माण होगा। ईवीएम भवन की लागत 1.68 करोड़ व वीवीपैट भवन के निर्माण में 2.33 करोड़ खर्च होगा। यह धनराशि भी शासन की ओर से लोक निर्माण विभाग को जारी कर दी गई है। इस तरह होगा दोनों भवनों का निर्माण
ईवीएम वेयर हाउस का भूतल 540 व प्रथम तल 350 वर्ग मीटर में कवर्ड होगा। इसमें तीन गोदाम व एक निरीक्षण कक्ष नीचे और प्रथम तल पर चार हॉल बनेंगे। वहीं, वीवीपैट के वेयर हाउस का निर्माण भूतल व प्रथम तल दोनों जगह 542 वर्ग मीटर में कवर्ड होगा। इसमें चार हॉल नीचे व तीन कमरे उपर होंगे।