आदित्य ठाकरे को अमृता फडणवीस का करारा जवाब
एआईएमआईएम नेता वारिस पठान के '100 करोड़ पर 15 करोड़' भारी वाले बयान पर जारी राजनीतिक उठापटक फिलहाल थमती नजर नहीं आ रही है। वारिस को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शिवसेना को उसकी चुप्पी पर घेरा और कहा कि शिवसेना ने चूड़ियां पहन रखी हैं। इस बयान पर माफी की मांग करते हुए शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे ने कहा कि चूड़ियां महिलाएं पहनती हैं जो बेहत मजबूत होती हैं। हालांकि, ठाकरे को देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस ने दो टूक जवाब देते हुए कहा कि हमेशा परिवार का फायदा लेने वाला बता डाला है।
आदित्य ठाकरे ने सीएम के बयान पर की माफी की मांग
दरअसल, फडणवीस ने एक रैली में वारिस के बयान को लेकर शिवसेना को घेरा था और कहा था कि शिवसेना ने इस मुद्दे पर चूड़ियां पहन रखी होंगी। इस पर आदित्य ठाकरे ने ट्वीट किया- 'देवेंद्र फडणवीस जी, मैं आमतौर पर वापस कॉमेंट नहीं करता हूं। कृपया चूड़ियों वाले अपने बयान के लिए माफी मांगें। चूड़ियां सबसे शक्तिशाली महिलाएं पहनती हैं। राजनीति जारी रह सकती है लेकिन हमें इस बहस को बदलना होगा। एक पूर्व सीएम की ओर से ऐसा कहा जाना शर्मनाक है।'
अमृता ने दिया जवाब
इस पर परिवारवाद का आरोप लगाते हुए अमृता ने आदित्य को घेरा और ट्वीट किया, 'कुकून के अंदर रहने वाला कीड़ा कभी जिंदगी की भाषा नहीं समझेगा। उसे हमेशा उसके आराम के लिए पूर्वजों की तैयार की गई रेशम के अंदर रहना होता है। मुझे आपके संघर्षों पर गर्व है देवेंद्र फडणवीस और महाराष्ट्र बीजेपी के हर मेहनती सदस्य पर।'
वारिस पठान के बयान पर बवाल
बता दें कि उत्तर कर्नाटक के कलबुर्गी में 16 फरवरी को संशोधित नागरिकता कानून विरोधी रैली को संबोधित करते हुए मुंबई से एआईएमआईएम के पूर्व विधायक पठान ने कथित तौर पर कहा था, 'हमें एक साथ मिलकर आगे बढ़ना होगा। हमें आजादी लेनी होगी, जो चीजें मांगकर नहीं मिलती उसे छीनना पड़ता है, याद रखिए...हम 15 करोड़ हो सकते है लेकिन 100 करोड़ पर भारी हैं।' काफी आलोचना के बाद पठान ने अपने बयान के लिए माफी मांग ली थी।