गाड़ी चुराने वाले गैंग का शातिर गिरफ्तार, चुराई थी कुमार विश्वास की कार
मेरठ। गाजियाबाद से प्रख्यात कवि कुमार विश्वास की लग्जरी गाड़ी चुराने वाले गैंग का एक शातिर पल्लवपुरम पुलिस के हत्थे चढ़ गया। मंगलवार को उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। यह बदमाश वाहन चोरी कर उनके पार्ट निकालकर सोतीगंज और जली कोठी में बेचता था।
पल्लवपुरम पुलिस ने दो मार्च को चेकिग के दौरान देहली गेट थाना क्षेत्र के जली कोठी मकान संख्या-32 निवासी वाहन चोर व कबाड़ी जावेद पुत्र नबाव को दबोचा था। उससे गाड़ी के पार्ट्स भी बरामद हुए थे। जावेद फिलहाल सोतीगंज पुलिस चौकी के सामने किराये पर रह रहा था। पुलिस के मुताबिक, जावेद अंतराज्यीय वाहन चोर गिरोह का सदस्य है। इसी गिरोह ने कवि कुमार विश्वास की गाड़ी भी गाजियाबाद से चोरी की थी।
पुलिस ने जावेद की निशानदेही पर सोतीगंज, देहली गेट और अन्य जगहों पर भी छापा मारा लेकिन कोई नहीं मिला। एसओ दिग्विजय सिंह शाही का कहना है कि पुलिस गैंग के बाकी सदस्यों की तलाश में जुटी है।
अधिकारी का भाई भी निकला वाहन चोर
एसओ पल्लवपुरम दिग्विजय सिंह शाही ने बताया कि 28 फरवरी को फेज-वन में चेकिग के दौरान डबल स्टोरी कालोनी निवासी एक अधिकारी के भाई अंकित और उसके दोस्त अनमोल को कंकरखेड़ा से 22 फरवरी को चोरी की गई केटीएम बाइक संग गिरफ्तार किया गया था। दोनों के कब्जे से चोरी के छह एप्पल के मोबाइल भी बरामद हुए थे। बाइक पर मेरठ के बजाय उत्तराखंड की नंबर प्लेट लगी थी। दोनों को जेल भेजा गया है। छेड़छाड़ का आरोपित ट्रेन के आगे कूदा, लोगों ने बचाया