कोरोना को हराने का हथियार बना सोशल मीडिया
साहिबाबाद। ट्रांस हिडन में रहने वाले विधायक, पूर्व विधायक, शिक्षक नेता, पार्षद आदि ने कोरोना को हराने के लिए सोशल मीडिया को हथियार बनाया है। सोशल मीडिया पर वीडियो, कविता, मार्मिक संदेश साझा कर लोगों को जागरूक कर रहे हैं। साथ ही अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील भी कर रहे हैं। इसका सकारात्मक प्रभाव भी दिख रहा है।
स्वयं पर कर्फ्यू लगाने से जीतेंगे जंग
साहिबाबाद विधायक सुनील शर्मा कोरोना को हराने के लिए लोगों से सोशल मीडिया पर अपील कर रहे हैं। उन्होंने फेसबुक पर अपनी वीडियो साझा कर लोगों को जागरूक करते हुए संदेश साझा किया है। वीडियो में सुनील शर्मा जनता कर्फ्यू को सफल बनाने के लिए आवाम को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए लॉकडाउन में घरों से नहीं निकलने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि सोमवार सुबह लॉकडाउन के दौरान सड़क व बाजार में लोगों की चहल-कदमी बढ़ गई, इससे कोरोना का खतरा बढ़ा। इससे निपटने के लिए सरकार के साथ अवाम को खड़ा होना होगा। इसके लिए हमें स्वयं पर कर्फ्यू लगाना होगा। सरकार व चिकित्सकों की सलाह का अक्षरश पालन करना होगा। लोगों को प्रेरित करने के लिए उन्होंने घर पर बैठकर अपना काम निपटाते हुए की फोटो भी साझा की है। यह भी कहा है कि राशन आदि की दिक्कत नहीं होने दी जाएगी, जिन्हें दिक्कत हो, फोन पर उनसे संपर्क कर सकते हैं।
मोबाइल पर भेज रहे संदेश
साहिबाबाद के पूर्व विधायक अमर पाल शर्मा भी कोरोना को हराने के लिए लोगों को जागरूक कर रहे हैं। इसके लिए वह लोगों के मोबाइल पर जागरूकता भरा संदेश भेज रहे हैं। वाट्सएप पर भी संदेश साझा कर लोगों को घरों में रहकर समाजिक दूरी बनाए रखने की अपील कर रहे हैं।
शिक्षक भी कर रहे जागरूक
वसुंधरा सेक्टर -चार में रहने वाले प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय मंत्री डॉ. अनुज त्यागी भी सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को जागरूक कर रहे हैं। वह स्वयं लोगों को जागरूकता भरें संदेश भेज रहे हैं। अपनी नन्ही बेटी आराध्या के मधुर स्वर में कोरोना को हराने की अपील भरी वीडियो बनाकर फेसबुक पर साझा की है। उनके बेटे अस्मित त्यागी ने हार्मोनियम से मधुर ध्वनि निकाल कर लोगों से घरों में रहने की अपील करते हुए वीडियो साझा की है। हर दिन हजारों लोगों को भेज रहे
जागरूकता भरे संदेश
इंदिरापुरम में रहने वाले नामित पार्षद कपिल त्यागी ने भी सोशल मीडिया को हथियार बनाया है। उन्होंने बताया है कि हर दिन सुबह से शाम तक घर पर बैठकर लोगों को संदेश भेजकर घरों से नहीं निकलने की अपील कर रहे हैं। लोगों से जागरूकता भरे संदेश ज्यादा से ज्यादा प्रसारित करने और अफवाह नहीं फैलाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
पड़ रहा है सकारात्मक असर
जनप्रतिनिधियों व अन्य प्रमुख लोगों की ओर से जागरूकता भरे संदेश सोशल मीडिया पर प्रसारित होने का सकारात्मक असर भी पड़ रहा है। लोग ऐसे संदेश पर अपनी सकारात्मक टिप्पणी कर रहे हैं। वायदा कर रहे हैं कि घर में ही रहकर काम करेंगे और कोरोना को हराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।