मानव सेवा की खुशबू से महका टाउनहाल, रोजाना तैयार हो रहे 3000 पैकेट
शहर के विकास की इबारत लिखने वाला टाउनहाल परिसर इन दिनों मानव सेवा की खुशबू बिखेर रहा है। यहां खुली रसोई में तैयार भोजन से जरूरतमंदों की भूख मिटाई जा रही है।
मेरठ। Positive India शहर के विकास की इबारत लिखने वाला टाउनहाल परिसर इन दिनों मानव सेवा की खुशबू बिखेर रहा है। यहां खुली रसोई में तैयार भोजन से जरूरतमंदों की भूख मिटाई जा रही है। कोरोना संक्रमण से उपजे हालातों ने नगर निगम की तस्वीर बदल दी है। निगम की इस बदली भूमिका की जमकर तारीफ हो रही है। खास बात यह है कि कार्यालय में पत्रवलियां संभालने वाले हाथों ने भोजन और वित्त प्रबंधन का जिम्मा संभाल रखा है।
बरामदे में कम्युनिटी किचन
नगर निगम ने टाउनहाल परिसर के बरामदे में कम्युनिटी किचन शुरू किया है। यहां सूर्य की पहली किरण के साथ ही 21 लोगों का जत्था भोजन तैयार करने में जुट जाता है। एक तरफ सब्जियां पक रही हैं तो दूसरी तरफ पूड़ी छन रही है। दो कर्मचारी हिसाब-किताब संभाल रहे हैं। फोन की घंटी बजते ही जरूरतमंद तक भोजन पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू हो जाती है। जरुरतमंदों तक भोजन पहुंचाने के लिए नौ वाहनों की भी व्यवस्था है। घनी आबादी हो या फिर झुग्गी-झोपड़ी, सभी तक भोजन पहुंचाया जा रहा है। निगम कर्मचारी इस काम को बखूबी अंजाम दे रहे हैं। खास बात यह भी है कि यह व्यवस्था निगम के अफसरों-कर्मचारियों के एक दिन के वेतन से तैयार किया जा रहा है। लगभग 1600 कर्मचारियों ने अपना एक दिन का वेतन जरुरतमंदों के लिए दान दिया है।