सरधना पहुंचे जमाती का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव, देररात सीमाएं कीं सील
स्वास्थ्य विभाग महाराष्ट्र से आए मरीज की कड़िया जोड़ने में लगा था कि इंडोनेशिया से सरधना आए एक जमाती की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आ गई। ये मरीज सुभारती मेडिकल कालेज में भर्ती था, जहां से सैंपल जांच के लिए मेडिकल कालेज भेजा गया था। विदेशी के संक्रमित मिलने से हड़कंप मच गया है। वहीं देररात सरधना की सीमाओं को सील कर दिया गया।
मरकज में शामिल हुआ मरीज
मेडिकल की माइक्रोबायोलोजी लैब ने बुधवार को 65 सैंपलों की जांच की, जिसमें सिर्फ एक मरीज में संक्रमण मिला। सीएमओ डा. राजकुमार ने बताया कि 23 साल का मरीज गत दिनों निजामुद्दीन में आयोजित मरकज में शामिल हुआ था। बुधवार को सुभारती में 49 जमातियों को भर्ती कराया गया था, जिनकी जांच की गई। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक संक्रमित मरीज के संपर्क में बड़ी संख्या में लोग थे।
देर रात सरधना की सीमाएं सील
एक जमाती में कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद प्रशासनिक अधिकारी सक्रिय हो गए हैं। देर रात कस्बे की सीमाएं सील कर दी गईं। बता दें कि नगर की मोहल्ला आजाद नगर स्थित मदीना मस्जिद में इंडोनेशिया के नौ और दो दिल्ली के जमाती 21 मार्च को पहुंचे थे। रविवार को मवाना की मस्जिद में विदेशी जमातियों के होने की सूचना के बाद पुलिस प्रशासन भी हरकत में आया था। स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ पहुंची पुलिस ने सभी को रविवार रात में ही मस्जिद में क्वारंटाइन करा दिया था। मंगलवार को सभी को जांच के लिए सुभारती भेजा और वहीं रखा गया। पुलिस ने मस्जिद के मुतवल्ली हारुन और इमरान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी।
कोरोना संक्रमित युवक की पत्नी और मां की रिपोर्ट भी पॉजिटिव
बुलंदशहर में कोरोना संक्रमित युवक की मां और पत्नी की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। परिवार के शेष छह सदस्यों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। तीनों का इलाज जटिया अस्पताल खुर्जा में चल रहा है।