खरखौदा में बच्चों के विवाद में खूनी संघर्ष, युवक की हत्या से मचा हड़कंप
मेरठ : खरखौदा थाना क्षेत्र के हाजीपुर गांव में सोमवार को बच्चों के विवाद में खूनी संघर्ष हो गया। इस दौरान एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इससे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। खरखौदा के हाजीपुर गांव में बच्चों के विवाद को लेकर राशिद और पड़ोसी कल्लू में विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग पथराव और फायरिंग करने लगे। कल्लू पक्ष के लोगों द्वारा चलाई गई गोली राशिद के सीने में लग गई। जिसके बाद राशिद की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना के बाद खरखौदा पुलिस मौके पर पहुंची। खून से लथपथ राशिद को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के पहुंचने पर ही कल्लू पक्ष के लोग गांव से फरार हो गए। आरोपितों की धरपकड़ को पुलिस दबिश मार रही है।

