नहर के रजवाहे में एक अज्ञात युवक का शव मिला
मेरठ। मंगलवार की सुबह सरधना थाना क्षेत्र स्थित नहर के रजवाहे में एक अज्ञात युवक का शव मिलने के बाद सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक की शिनाख्त का प्रयास किया। लेकिन सफलता नहीं मिलने पर शव को मोर्चरी भेज दिया। युवक के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। जिसके चलते अनुमान लगाया जा रहा है कि युवक की हत्या करके शव को ठिकाने लगाया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है दरअसल सुबह को ग्रामीणों ने छबड़िया गांव के बाहर स्थित रजवाहे में एक युवक का शव तैरता देखा। जिसके बाद मौके पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ लग गई। मामले की जानकारी मिलने के बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने युवक के शव को रजवाहे से बाहर निकलवाया। लगभग 32 वर्षीय युवक के शरीर पर नीले रंग का लोअर और पीले रंग की शर्ट थी, जिस पर बड़े-बड़े फूलदार छापे थे। युवक के चेहरे पर चोट के निशान भी थे। मृतक के कपड़ों से पुलिस को एक पैन कार्ड की बरामद हुआ। जिस पर विपिन कुमार पुत्र चंद्रवीर सिंह लिखा हुआ था। पुलिस ने ग्रामीणों से शव की शिनाख्त का प्रयास किया। लेकिन शिनाख्त नहीं होने पर शव को मोर्चरी भेज दिया। इंस्पेक्टर ब्रजेश कुमार ने बताया कि फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। उधर, अनुमान लगाया जा रहा है कि युवक की हत्या करने के बाद शव को ठिकाने लगाने के उद्देश्य से कातिलों ने रजवाहे में फेंक दिया है
