एक ही परिवार की दो महिलाओं की मौके पर मौत
मेरठ। किठौर थाना क्षेत्र में देर रात हुए एक दर्दनाक हादसे में जहां एक ही परिवार की दो महिलाओं की मौत हो गई। वहीं तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के समय सभी लोग अस्पताल से वापस लौट रहे थे जानकारी के मुताबिक शाहजहांपुर के मौहल्ला कुरेशियान की रहने वाली गुलिस्तां की बेटी रविवार को छत से गिर गई थी। जिसके बाद परिवार के लोग घायल बच्ची को लेकर मेरठ आए थे। जहां से उसकी गंभीर हालत देखते हुए बच्ची को दिल्ली के लिए रेफर कर दिया गया। परिवार के कुछ लोग बच्ची को लेकर दिल्ली चले गए। जबकि गुलिस्तां सहित उसका एक भांजा, परिवार का व्यक्ति रईस और उसकी पत्नी रुखसाना और मां फातिमा मारुति जेन कार से देर रात शाहजहांपुर वापस लौट रहे थे। बताया जाता है इसी दौरान शाहजहांपुर मदरसे के निकट गढ़मुक्तेश्वर की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। हादसे में रुखसाना और फातिमा की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अन्य तीन व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजते हुए दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इसी के साथ घटना की जानकारी पीड़ितों के परिजनों को दी। जिसके बाद पीड़ितों के परिवार में कोहराम मच गया। वहीं अस्पताल में भर्ती रईस सहित अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है। इंस्पेक्टर किठौर अरविंद मोहन शर्मा ने बताया कि हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया था। ट्रक को कब्जे में लेकर फिलहाल चालक की तलाश की जा रही है।

