सागर ने पवन को फंसाने के लिए स्वयं ही अपने अपहरण का षड्यंत्र रचा
दिनांक 14-9-2021 को विशाल उर्फ सागर पुत्र राजकुमार निवासी नटेशपुरम थाना कंकरखेड़ा मेरठ द्वारा अपने मोबाइल से सूचना दी कि कुछ लोग उसका पीछा कर रहे है तथा खुद के साथ कोई घटना होने की बात कहकर वॉइस मैसेज अपने मौसेरे भाई के मोबाइल पर भेजकर अपना मोबाइल स्विच ऑफ कर लिया गया था । विशाल उर्फ सागर का 1 दिन पहले अपने पड़ौस में बिल्ड़िंग मैटीरियल की दुकान करने वाले पवन सोम से झगड़ा हो गया था । इस मामले में विशाल उर्फ सागर के अपहरण की बात को लेकर थाने पर पवन सोम के विरुद्ध अपहरण की गंभीर धाराओं में मुकदमा अपराध संख्या 690/21 धारा 364,323,506,342 भादवि पंजीकृत किया गया I मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कंकरखेड़ा पुलिस द्वारा पवन सोम को तत्काल हिरासत में लेकर पूछताछ की गई । इस मामले में पवन सोम का कोई हाथ पुलिस को नजर नहीं आया तथा पुलिस टीम लगभग 150 कैमरों की रिकार्ड़िंग देखने के उपरांत इस नतीजे पर पहुंची की विशाल उर्फ सागर ने पवन को फंसाने के लिए स्वयं ही अपने अपहरण का षड्यंत्र रच लिया है । उक्त मामले में विशाल उर्फ सागर के परिजन और भारतीय किसान यूनियन के कुछ कार्यकर्ताओं द्वारा थाने पर धरना प्रदर्शन प्रारंभ कर दिया गया, एसएसपी मेरठ द्वारा तत्काल ही सर्विलांस एवं एसओजी टीम को इन्स्पेक्टर कंकरखेड़ा तपेश्वर सागर के नेतृत्व में टीम गठित कर मामले के खुलासे के निर्देश दिए गए थे । इंस्पेक्टर तपेश्वर सागर के नेतृत्व में गठित टीमों द्वारा विशाल उर्फ सागर को चंडीगढ़ में एक होटल से बरामद कर लिया गया । वह वहां खुद को छुपाए हुए था तथा उसने अपनी मोटरसाइकिल सकौती दौराला थाना क्षेत्र में एक गन्ने के खेत में छुपा रखी थी । पुलिस द्वारा उक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गयी है । पुलिस ने अपने ही षड्यंत्र की साजिश रचने वाले विशाल उर्फ सागर को आज जेल भेज दिया है । पुलिस की इस कार्यवाही से निर्दोष पवन सोम को न्याय मिला तथा उसने पुलिस का बहुत धन्यवाद किया एवं पुलिस की कार्यवाही से अपने ही अपहरण की साजिश रचने वाले को सुसंगत धाराओ में जेल भेजा गया ।