मेरठ में दरोगा बोला- एक मिनट में ठोक दूंगा, वीडियो वायरल, SSP ने कहा होगी जांच
मेरठ जिले से एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दारोगा एक युवक से ये कहता नजर आ रहा है कि एक मिनट नहीं लगेगी, ठोक दूंगा। दरअसल, रजबन बाजार स्थित करियप्पा रोड पर जर्जर मकान का हिस्सा ध्वस्त करने पहुंची कैंट बोर्ड की टीम से युवक ने बदसलूकी की। हंगामा बढ़ने पर टीम ने पुलिस को सूचना दे दी। तभी दारोगा ने युवक को समझाने की कोशिश की तो युवक ने पुलिसकर्मियों से भी अभद्रता की। इसी बीच दारोगा ने युवक को ठोकने की धमकी दे दी। जिस वजह से युवक के परिवार के लोग दारोगा से भिड़ गए। हंगामा बढ़ने पर कैंट बोर्ड की टीम को वापस लौटना पड़ा।ये है पूरा मामला…
छावनी क्षेत्र के रजबन बाजार स्थित करियप्पा रोड़ पर बीना मेहरा का मकान हैं, जो जर्ज़र अवस्था में हैं। कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश की वजह से मकान का एक हिस्सा गिर गया था। जिस वजह से खतरा बना हुआ है। बीना ने कैंट बोर्ड ऑफिस में मकान के जर्जर हो चुके हिस्से को ध्वस्त कराने के लिए पत्र दिया था। मंगलवार को कैंट बोर्ड की टीम ध्वस्तीकरण के लिए गई थी। इसी दौरान वहां रहने वाले युवक ने कैंट बोर्ड की टीम के साथ बदसलूकी करनी शुरू कर दी। हंगामा बढ़ने पर कैंट बोर्ड की टीम ने पुलिस को सूचना दी। सदर थाने में तैनात एक दारोगा मौके पर पुलिसकर्मी लेकर पहुंचे।
युवक ने दारोगा से की अभद्रता
बताया जा रहा है कि युवक ने दारोगा से भी अभद्रता की, तभी गुस्से में आकर दारोगा ने युवक को ठोकने की धमकी दी। जिसका वीडियो बनाकर लोगों ने वायरल कर दिया।
मामले में एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच कराई जा रही है। वहीं कैंट बोर्ड की टीम ने भी सरकारी काम में बाधा, अभद्रता समेत आरोप लगाते हुए संबंधित युवक के खिलाफ तहरीर दी है। आरोपों की जांच कर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।
नीरज कुमार संपादक
खोजी रिपोर्टर हिन्दी न्यूज पेपर
