मेरठ मे युवती की मौत मकान की तीसरी मंजिल की छत से गिरी युवती
मेरठ के परतापुर थाना क्षेत्र में एक युवती की संदिग्ध हालत में मौत का मामला सामने आया है। युवती की तीन मंजिला इमारत से गिरकर मौत हुई है। हालांकि पुलिस और मृतका का परिवार युवती की मौत को हादसा बता रहा है। पड़ोसी और दूसरे पक्ष का आरोप है कि परिजनों ने खुद ही युवती को छत से धक्का देकर गिराकर मारा है। युवती की ऑनर किलिंग की है।घटना मेरठ के परतापुर सेक्टर 4सी की है। यहां हिमानी पुत्री सतीश पवार रहती है। सोमवार को अचानक हिमानी अपने घर की तीनमंजिला की छत से नीचे गिर गई। नीचे गिरने के बाद हिमानी छटपटाती रही और मौत हो गई। परिजन उसका अंतिम संस्कार करने लगे। लेकिन तभी मौके पर सेक्टर 4सी निवासी मनीष पुलिस को लेकर पहुंच गया।
मनीष का आरोप है कि वो हिमानी से प्यार करता था। दोनों एक दूसरे के साथ शादी करना चाहते थे। ये बात हिमानी के परिजनों को मंजूर नहीं थी। इसलिए उन्होंने खुद अपनी बेटी को छत से गिराकर मार डाला है।
मनीष की शिकायत पर परतापुर थाना पुलिस ने युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि हिमानी के पिता और बड़ा भाई यूपी पुलिस में हैं। वहीं मृतक हिमानी का छोटा भाई वन विभाग में सरकारी नौकरी में है। परिवार को मनीष का हिमानी से प्रेम मंजूर नहीं था इसलिए उन्होंने खुद बेटी को धक्का देकर मार डाला है।
