प्रियांशु का हत्यारा निकला पुलिस वाला
मेरठ : गुजरात के अहमदाबाद में कार सवारों ने मेरठ के पल्लवपुरम की तिरुपति गार्डन कॉलोनी निवासी एमबीए के छात्र प्रियांशु जैन की सरेराह चाकू से गोदकर हत्या वाले आरोपी को अहमदाबाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। छात्र प्रियांशु जैन का हत्यारा एक पुलिस वाला ही निकला। अहमदाबाद के सरखेज पुलिस स्टेशन की इन्वेस्टिगेशन टीम में तैनात कॉन्स्टेबल वीरेंद्र सिंह पढियार ने ही छात्र प्रियांशु जैन की हत्या की थी। हत्या के बाद आरोपी पंजाब भाग गया था। अहमदाबाद पुलिस ने बुधवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। प्रियांशु की बाइक में कार की टक्कर लगने पर उसने चालक से विरोध जताया था। इसके बाद कार सवारों ने करीब 200 मीटर पीछा कर वारदात को अंजाम दिया। प्रियांशु अहमदाबाद के मुद्रा इंस्टीट्यूट ऑफ कम्युनिकेशन में पढ़ाई कर रहे थे। तिरुपति गार्डन में पंकज जैन अपने परिवार के साथ रहते हैं। परिवार में पत्नी रीनू जैन, बड़ी बेटी गितिका जैन के अलावा बेटा प्रियांशु था। पंकज का शारदा रोड पर रोक्सी इंडस्ट्रीज के नाम से ट्रैक्टर के स्पेयर पार्ट्स का शोरूम है। पत्नी रीनू गृहिणी हैं। बेटी गीतिका की शादी हो चुकी है। वह गुरुग्राम में एक मल्टीनेशनल कंपनी में कार्यरत है।
