उधार के पैसे मांगने पर दबंगो ने बाप-बेटे और चाचा को बुरी तरह पीटा ,बाप-बेटे को आई गंभीर चोटें
मेरठ में दबंगो ने एक परिवार के लोगो पर जमकर कहर बरपाया । मामला मेरठ के लिसाड़ीगेट थाना इलाके के खुशहाल कॉलोनी का है । यहां के रहने वाले आशी नाम के युवक के समर नाम के युवक पर उधार के 30 हजार रुपये थे । कई बार मांगने पर भी आशी को समर पैसे नही लौटा रहा था । गुरुवार रात को जब आशी ने समर से खुद के उधार के 30 हजार रुपये लौटाने को कहा तो आरोपी समर ने आशी को एक रेस्टोरेंट में बुलाया और वहां उसके साथ गाली गलौच और हाथापाई शुरू कर दी । जब इसकी सूचना आशी के घरवालों को मिली थी उसके पिता और चाचा भी मौके पर पहुँच गए । आरोप है कि इसके बाद आरोपी समर ने अपने करीब डेढ़ दर्जन साथियों को बुलाकर पिता पुत्र और चाचा की जमकर पिटाई कर डाली । आशी और उसके पिता के सिर में गम्भीर चोटें आईं हैं । हमला करने के बाद दबंग मौके से फरार हो गए । सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुँच गई । घायलों को अस्पताल भेजा गया । पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है ।


