मेरठ सरधना: कश्यप युवक जिंदा जलाया गया, पूरे इलाके में आक्रोश
मुजफ्फरनगर के रोहित उर्फ सोनू (28) की हत्या का पुलिस ने बुधवार को खुलासा कर दिया । सोनू मुंबई में हलवाई का काम करता था और शादी के लिए लड़की देखने अपने गांव आया था। सोमवार शाम वह टेंपो से अपनी मौसी के घर ज्वालागढ़ जा रहा था। इसी दौरान उसकी हत्या कर दी गई।
पुलिस के अनुसार, इस हत्या को 16 साल के नाबालिग टेंपो चालक ने अंजाम दिया। सोनू पहले से ही शराब के नशे में था। टेंपो में तेज आवाज में अश्लील गाना बजाने को लेकर सोनू ने विरोध किया, जिससे चालक नाराज हो गया। उसने मन ही मन सोनू को मारने की ठान ली।
सलावा पहुंचने पर बाकी सवारियां उतर गईं। इसके बाद आरोपी ने सोनू से दोस्ती की और शराब पीने का प्रस्ताव दिया। ज्वालागढ़ के राणा प्रताप सिंह चौराहे पर उसने सोनू को और शराब पिलाई, जबकि खुद एनर्जी ड्रिंक पी। नशा ज्यादा होने पर उसने पास पड़ी ईंट से सोनू के सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद पहचान छिपाने के लिए आरोपी ने शव को करीब 15 मीटर घसीटकर स्कूल की दीवार के पास ले गया। वहां टेंपो में रखा मोबिल ऑयल, कपड़े और पत्ते डालकर शव को जला दिया।
सोमवार रात स्कूल के चौकीदार ने आग जलती देखी और पुलिस को सूचना दी। अगले दिन शव की पहचान रोहित उर्फ सोनू के रूप में हुई। पुलिस ने अज्ञात में हत्या का मुकदमा दर्ज किया।
जांच में पुलिस शराब के पाउच पर लगे बारकोड और ठेके के सीसीटीवी फुटेज तक पहुंची। इससे आरोपी की पहचान हुई। बुधवार को नाबालिग आरोपी को किशोर न्यायालय में पेश कर बाल सुधार गृह भेज दिया
गया।







